नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि भारत में एक दिन में रिकॉर्ड 1,01,468 लोगों ने कोरोना वायरस को मात दी है और महामारी से उबरे लोगों की संख्या अब लगभग 45 लाख हो गई है। इसके साथ ही स्वस्थ होने वालों की दर बढ़कर 80.86 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय के अनुसार देश में कोविड-19 महामारी को मात देकर ठीक हुए लोगों की संख्या अब 44,97,867 हो गई है और इनमें से 79 प्रतिशत लोग 9 राज्यों तथा एक केंद्रशासित प्रदेश-महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, दिल्ली, केरल, पश्चिम बंगाल और पंजाब से हैं।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘पिछले 4 दिन से लगातार बड़ी संख्या में लोग ठीक हो रहे हैं। अधिकतम लोगों के ठीक होने की भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धि ने इसे इस मामले में विश्व का शीर्ष देश बना दिया है।’’ बड़ी संख्या में लोगों का महामारी को मात देना इस बात का साक्ष्य है कि केंद्र के नेतृत्व में अग्र-सक्रिय कदमों और ‘जांच, संपर्कों का पता लगाने तथा उपचार’ की क्रमिक रणनीति सफल हो रही है। प्रभावी चिकित्सकीय प्रबंधन तथा केंद्र सरकार द्वारा जारी उपचार प्रोटोकॉल को नए चिकित्सकीय और वैज्ञानिक साक्ष्यों के अनुरूप समय-समय पर अद्यतन किया जाता रहा है।
मंत्रालय ने कहा कि हल्के मामलों में गृह पृथकवास और इसकी निगरानी, एंबुलेंस सेवाओं में सुधार जैसे कदमों ने भी प्रभावी कोविड प्रबंधन में मदद की है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 75,083 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही देश में संक्रमण के अब तक सामने आए मामलों की कुल संख्या 55,62,663 हो गई।